नई दिल्ली, 29 जून।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने सोमवार को उच्च सदन की सदस्यता ग्रहण कर ली। राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मध्य प्रदेश से निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद चुग अब औपचारिक रूप से अपने संसदीय दायित्वों का निर्वहन शुरू कर चुके हैं।
शपथ लेने से पूर्व उन्होंने संसद भवन के द्वार पर नमन किया और लोकतंत्र के प्रति अपनी श्रद्धा जताई। इससे पहले उन्होंने रकाबगंज साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेककर आशीर्वाद भी लिया। उनके साथ अन्य छह नवनिर्वाचित सदस्यों ने भी सदन की सदस्यता की शपथ ली।
तरुण चुग का राजनीतिक सफर काफी लंबा रहा है। उन्होंने छात्र जीवन में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विद्यार्थी परिषद के माध्यम से सार्वजनिक जीवन में कदम रखा था। अमृतसर से ताल्लुक रखने वाले चुग ने संगठन में कई अहम पदों पर काम करते हुए युवाओं को जोड़ने का काम किया है।
वर्तमान में वे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के पार्टी प्रभारी हैं। दिल्ली के सह-प्रभारी के रूप में भी वे जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। चुनावी रणनीति और बूथ मैनेजमेंट में उनकी कुशलता के कारण उन्हें भाजपा के प्रमुख रणनीतिकारों में गिना जाता है।














