नोएडा, 29 जून।
नोएडा के थाना सेक्टर 39 और दादरी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दो अज्ञात व्यक्तियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि सुबह सलारपुर गांव के पिलर नंबर 83-84 के पास एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक क्षेत्र में मोची का कार्य करता था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।
उधर, थाना दादरी क्षेत्र में भी एक 35 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस सोशल मीडिया और स्थानीय निवासियों की मदद से मृतक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। दोनों ही मामलों में पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।














