श्रीनगर, 29 जून।
कश्मीर घाटी में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। 29 और 30 जून को जम्मू-कश्मीर में गर्म और शुष्क मौसम के साथ ही छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
जम्मू के मैदानी इलाकों में प्री-मानसून बारिश की संभावना जताई गई है। यह क्रम मुख्य रूप से देर रात और सुबह के समय जारी रहेगा। इसके बाद 1 से 5 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जाएगी।
विभाग के अनुसार, 2 और 3 जुलाई का समय संवेदनशील रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, 6 से 8 जुलाई के बीच मौसम गर्म और आर्द्र बना रहेगा, जिसमें रुक-रुक कर बौछारें पड़ती रहेंगी।
प्रशासन ने 30 जून तक लू की चेतावनी जारी की है। जम्मू क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण अचानक बाढ़, भूस्खलन और कीचड़ आने का खतरा बना हुआ है। लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। निचले हिस्सों में जलभराव की भी आशंका है।













