औरैया, 29 जून।
औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना फफूंद-अछल्दा मार्ग पर हसनपुर गांव के पास घटित हुई, जहाँ तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय छोटे लाल के रूप में हुई है, जिसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना में शारदा देवी, उनकी बेटी ओजल, भाई अनिल कुमार और ऑटो चालक कल्लू बुरी तरह जख्मी हुए हैं। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और सभी घायलों को इलाज के लिए दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
पीड़ित परिवार दिल्ली जाने के लिए फफूंद बस स्टैंड की ओर जा रहा था। रात लगभग 10 बजे हसनपुर के निकट विपरीत दिशा से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।














