मीरजापुर, 29 जून।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र में रविवार शाम को आकाशीय बिजली गिरने से एक हृदयविदारक हादसा हो गया। इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से एक होमगार्ड की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना में एक मवेशी की भी जान चली गई।
मृतक की पहचान मगरदा गांव निवासी 57 वर्षीय रामदुलारे के रूप में हुई है। घटना के समय वे अपनी पत्नी मानमती के साथ बरामदे में बैठे थे, तभी अचानक बिजली गिरने से उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। इस हादसे में मानमती समेत पड़ोस की पुष्पा (18) और प्रमिला (16) भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, अन्य घटनाओं में सोनगढ़ा के अमित कुमार, मटिहरा की प्रीति यादव और राजपुर की प्रेमा बिजली की चपेट में आकर घायल हो गईं। राजपुर में बिजली गिरने से एक बैल की भी मौत हो गई।
सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से हलिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार किया जा रहा है। चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर और सामान्य है। थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और नियमानुसार विधिक कार्रवाई जारी है।














