जम्मू, 29 जून।
ऑल डेली वेजर्स संघर्ष समिति ने प्रदेश में कार्यरत दिहाड़ी मजदूरों के हितों के लिए हुंकार भरी है। समिति ने सरकार से प्रदेश भर में न्यूनतम वेतन अधिनियम को पूरी तरह लागू करने और योग्य कर्मियों को नियमित करने की मांग फिर से दोहराई है।
प्रतिनिधियों ने बताया कि सरकार द्वारा बार-बार दिए गए आश्वासनों के बावजूद धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसका खामियाजा हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक तंगी के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
समिति आशा वर्कर्स, मिड-डे मील रसोइए, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, माली-कम-चौकीदार, सफाई कर्मचारी और पीएचई आईटीआई कर्मी समेत अन्य विभिन्न श्रेणियों के दिहाड़ी मजदूरों की आवाज उठा रही है।
संगठन ने सरकार से उचित वेतन, बेहतर कार्य परिवेश और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो पूरे जम्मू-कश्मीर में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।













