मुंबई, 01 जुलाई।
बॉलीवुड के मशहूर कलाकार आयुष्मान खुराना ने अपने प्रशंसकों को एक बड़ा तोहफा दिया है। उनकी आने वाली नई फिल्म का नाम मुपापा रखा गया है। इस प्रोजेक्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा कर दी गई है, जिसे लेकर दर्शकों में अभी से उत्सुकता बनी हुई है।
यह अनूठी फिल्म यश राज फिल्म्स और पोशम पा पिक्चर्स के बीच पहला बड़ा सिनेमाई गठबंधन है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी यश राज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी संभाल रहे हैं। वहीं, इस कहानी को पर्दे पर उतारने का जिम्मा निर्देशन की दुनिया के चर्चित नाम समीर सक्सेना को दिया गया है।
निर्माताओं ने स्पष्ट किया है कि यह मुपापा फिल्म 19 फरवरी, 2027 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। फिल्म के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि यह एक प्रयोगधर्मी और अलग शैली की फिल्म होगी, जो दर्शकों को एक नया अनुभव प्रदान करेगी।
आयुष्मान खुराना अपने अभिनय के लिए जाने जाते हैं और इस थिएट्रिकल फिल्म में भी वे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। पोशम पा पिक्चर्स के समीर सक्सेना, अमित गोलानी, सौरभ खन्ना और बिस्वपति सरकार की टीम इस प्रोजेक्ट को यादगार बनाने की तैयारी में जुटी है।

















