लखनऊ, 01 जुलाई।
अयोध्या में हुए दान प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) को राज्य सरकार ने अतिरिक्त समय दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत छानबीन के लिए जांच की समय-सीमा 15 जुलाई तक बढ़ा दी है। एसआईटी ने खुद मुख्यमंत्री से जांच पूरी करने के लिए मोहलत मांगी थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस मामले की गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।
बता दें कि हाल ही में एसआईटी के प्रमुख सदस्यों ने गृह विभाग को अपना प्रारंभिक प्रतिवेदन सौंपा था। इसी रिपोर्ट के आधार पर ट्रस्ट के सदस्य की शिकायत के बाद श्रीराम जन्मभूमि थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।
इस मामले में आठ नामजद व्यक्तियों के साथ अन्य अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब नई समय-सीमा के भीतर एसआईटी अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपेगी।

















