जोरहाट, 01 जुलाई।
असम के जोरहाट जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बरहोला के नागाबाट इलाके में छापेमारी कर एक व्यक्ति को अवैध पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान विजय कृष्ण बोरा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक .22 मिमी की पिस्टल और 23 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह इन हथियारों को कहां से लाया था और इनका उपयोग किस उद्देश्य से करने वाला था।
जोरहाट पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित से गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियार रखने के आरोप में उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या वह किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या फिर किसी अन्य साजिश का हिस्सा है। इलाके में इस गिरफ्तारी के बाद से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद किया जा रहा है।
















