मौसम
06 Jul, 2026

भारी बारिश से गुजरात की रेल सेवाएं प्रभावित, कई ट्रेनों का संचालन बदला

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण गुजरात से जुड़ी कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है, कुछ के मार्ग बदले गए हैं और यात्रियों के लिए विशेष हेल्प डेस्क शुरू किए गए हैं।

मुंबई, 06 जुलाई।

मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनने से गुजरात की रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने सूरत, वलसाड और वापी रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प डेस्क शुरू किए हैं।

पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। कई ट्रेनों को निर्धारित गंतव्य से पहले ही शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है।

पश्चिम रेलवे के अनुसार 12932 अहमदाबाद–मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस अब केवल सूरत तक संचालित होगी। इसके बाद यही रेक 12931 सूरत–अहमदाबाद एक्सप्रेस के रूप में शाम 7:25 बजे सूरत से रवाना होगी। इसी तरह 12934 अहमदाबाद–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस अब केवल वलसाड तक जाएगी और वहीं से 12933 वलसाड–अहमदाबाद एक्सप्रेस बनकर शाम 4:25 बजे वापसी करेगी।

इसके अलावा 19002 सूरत–विरार, 09705 जयपुर–बांद्रा टर्मिनस, 12990 अजमेर–दादर, 12479 जोधपुर–बांद्रा टर्मिनस और 05183 आजमगढ़–बांद्रा टर्मिनस ट्रेनों को क्रमशः उमरगाम रोड, उधना, नवसारी, वापी और संजान स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।

वहीं, मध्य रेलवे क्षेत्र में भूस्खलन के चलते 22920 अहमदाबाद–चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस, 11092 पुणे–भुज एक्सप्रेस और 12298 पुणे–अहमदाबाद दुरंतो एक्सप्रेस के मार्ग बदल दिए गए हैं। ये ट्रेनें अब निर्धारित मार्ग के स्थान पर वैकल्पिक रूट से संचालित होंगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों की सहायता के लिए सूरत, वलसाड और वापी रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प डेस्क शुरू किए हैं। इसके साथ ही जरूरतमंद यात्रियों के लिए विशेष एसटी बसों की भी व्यवस्था की गई है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन के माध्यम से अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

|
आज का राशिफल

धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। सुख-आनंद कारक समय है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। सुखद समय की अनुभूतियां प्रबल होगी। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य ही रहेगी। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 29°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़