जियारत, 07 जुलाई।
पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में सोमवार देर रात आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। जियारत जिले के कच मांगी क्षेत्र में स्थित एक पुलिस चौकी पर हुए भीषण आतंकी हमले में दो थाना प्रभारियों समेत नौ पुलिसकर्मियों ने वीरगति प्राप्त की है।
अधिकारियों के अनुसार, इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए संयुक्त अभियान चलाया। इस मुठभेड़ में 15 आतंकवादी ढेर कर दिए गए हैं। हालांकि, हमलावर जाते-जाते पांच पुलिसकर्मियों को अगवा करके अपने साथ ले गए हैं।
शहीद हुए पुलिस अधिकारियों की पहचान मांगी के थाना प्रभारी मोहम्मद हुसैन और कोवास के थाना प्रभारी सोहबत खान के रूप में हुई है। जियारत जिला मुख्यालय अस्पताल में पुलिसकर्मियों के शव लाए गए हैं। पूरे इलाके में सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है।
अभियान की समाप्ति की पुष्टि करते हुए बलूचिस्तान सरकार ने बताया कि इसमें फ्रंटियर कॉर्प्स, सीटीडी और विशेष बलों ने भाग लिया। इस कायरतापूर्ण कृत्य के बाद जियारत में स्थानीय लोगों और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों ने बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया है।
प्रदर्शनकारियों ने बलूचिस्तान को पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम कर दिया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। उधर, पाकिस्तान के गृहमंत्री ने इस हमले की निंदा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ संकल्प दोहराया है।













.jpg)
