नई दिल्ली, 07 जुलाई।
भारत इस बार ब्रिक्स देशों के बीच महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाई देने के लिए तैयार है। केरल के कोच्चि में आगामी 8 और 9 जुलाई को होने वाली 'ब्रिक्स महिला मंत्रीस्तरीय बैठक' की मेजबानी भारत करेगा।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में ब्रिक्स देशों के मंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण के संकल्प को और अधिक मजबूत करना है, ताकि सतत एवं समावेशी विकास की दिशा में कदम बढ़ाए जा सकें।
भारत की अध्यक्षता चार मुख्य स्तंभों—लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता पर टिकी है। इसी के तहत महिला ट्रैक को विशेष रूप से संरचित किया गया है, ताकि इन क्षेत्रों में लैंगिक समानता को बढ़ावा मिले।
बैठक में नेतृत्व क्षमता, आर्थिक अवसरों में वृद्धि और डिजिटल समावेशन जैसे गंभीर विषयों पर उच्चस्तरीय चर्चा होगी। इसके अलावा, जलवायु परिवर्तन और खाद्य सुरक्षा में महिलाओं की भूमिका को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
इस दौरान भारत अपनी महिला-नेतृत्व वाली विकास यात्रा को एक प्रदर्शनी के जरिए दुनिया के सामने रखेगा। इसमें ग्रामीण विकास से लेकर विज्ञान और शिक्षा तक के क्षेत्रों में भारतीय महिलाओं की प्रगति को दर्शाया जाएगा।











