नासिक, 07 जुलाई।
नासिक के लिए राहत भरी खबर है कि वहां बादल फटने का बड़ा खतरा अब टल गया है। मौसमी सक्रियता का केंद्र अब अहिल्यानगर होते हुए गुजरात के सूरत की तरफ बढ़ गया है, जिससे वहां के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, त्र्यंबकेश्वर के ऊपर से करीब 450 एमएम के बादल गुजरात की ओर रुख कर चुके हैं। हालांकि, नासिक जिले में अभी भी भारी बारिश का अलर्ट बरकरार है। इसके अलावा मुंबई, ठाणे, पालघर, पुणे, रायगढ़, सातारा और रत्नागिरी में भी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
जिला कलेक्टर ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और नदियों, घाटों या झरनों के पास जाने से परहेज करें।
त्र्यंबकेश्वर और इगतपुरी समेत कई इलाकों में सुबह से ही बारिश का सिलसिला चल रहा है। गोदावरी नदी का जलस्तर बढ़ने से रामकुंड और गांधी झील जलमग्न हो गई हैं। पर्यटकों को जान जोखिम में न डालने की सख्त चेतावनी दी गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर, प्रशासन ने डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत 7 से 9 जुलाई तक धार्मिक स्थलों, झरनों और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है।











