मैहर, 07 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मैहर जिले के नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रिगरा गांव के निकट एक बेकाबू तेज रफ्तार एक्सयूवी कार आगे जा रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी।
यह भिड़ंत इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इसमें सवार छह में से पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए सतना रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ये सभी युवक एक जन्मदिन का कार्यक्रम निपटाकर लौट रहे थे। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। सूचना मिलते ही डायल-112 और नादन देहात थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

मृतकों की पहचान अंकुर पटेल, मृदुल पटेल, विजय पटेल, हरीशंकर पटेल और शिवा पटेल के रूप में हुई है। ये सभी पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी भाई पटेल और पूर्व विधायक स्वर्गीय मथुरा पटेल के परिवार से जुड़े बताए गए हैं।
ट्रक चालक का कहना है कि उसका वाहन सामान्य गति में था, तभी पीछे से कार ने जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।










