कुपवाड़ा, 07 जुलाई।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आतंकवादियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। केरन सेक्टर में सेना को आतंकियों के एक गुप्त ठिकाने की जानकारी मिली थी।
खुफिया इनपुट के आधार पर सेना ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के ठिकाने को ढूँढ निकाला और उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया।
तलाशी के दौरान जवानों को मौके से पांच एके-सीरीज राइफल, नौ मैगजीन, एक हैंड ग्रेनेड और बड़ी तादाद में गोला-बारूद मिला है। इसके अलावा युद्ध में काम आने वाली अन्य सामग्री भी बरामद हुई है।
श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने पुष्टि की है कि बरामदगी के बाद सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। फिलहाल इलाके में और आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी है।











