भोपाल, 07 जुलाई।
राजधानी के परवलिया सड़क थाना क्षेत्र में लिफ्ट देने वाले एक युवक के साथ लूट और धारदार हथियार से हमले की वारदात सामने आई है। आरोपी ने पहले युवक से लिफ्ट ली और बाद में फोन पर बातचीत के दौरान उसके गले पर धारदार हथियार से हमला कर 48 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गया।
घायल युवक की पहचान राजू पाल के रूप में हुई है। घटना उप सरपंच ढाबे के पास हुई, जहां आरोपी ने मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल राजू पाल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही परवलिया सड़क पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राजगढ़ निवासी एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से लूटी गई 48 हजार रुपये की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।














.jpg)
