तिरुवनंतपुरम, 07 जुलाई।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को केरल में संचालित प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन के साथ ऑनलाइन बैठक कर राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान, मुफ्त दवा सेवा योजना, मुफ्त जांच सेवा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता, चिकित्सा शिक्षा, दवा नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बैठक में आम नागरिकों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने, गुणवत्तापूर्ण दवाओं और जांच सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने तथा स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
जेपी नड्डा ने राज्य में चिकित्सा शिक्षा को बेहतर बनाने, दवाओं और ब्लड बैंकों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ खाद्य सुरक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर भी चर्चा की।
केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने राज्य में चल रही विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों और राज्य के सामने मौजूद चुनौतियों के बारे में भी बताया।
बैठक में केरल सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य लक्ष्यों को हासिल करने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। वहीं, जेपी नड्डा ने स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नागरिकों तक बेहतर, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच मजबूत समन्वय जरूरी है।
बैठक के अंत में केंद्र और राज्य ने सभी नागरिकों के लिए सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराया।















.jpg)