नई दिल्ली, 07 जुलाई।
केंद्र सरकार ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के निजी स्टाफ में प्रशासनिक बदलाव करते हुए चार सहयोगियों को उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया है। सरकार की ओर से जारी आदेशों में इसे प्रशासनिक निर्णय बताया गया है।
आदेश के अनुसार मंत्री के निजी सचिव अमर सिंह को प्रशासनिक आधार पर उनके मूल विभाग राजस्व विभाग में वापस भेज दिया गया है।
वहीं, अतिरिक्त निजी सचिव शैलेश कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति अवधि को समय से पहले समाप्त करते हुए उन्हें कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग वापस भेजा गया है। आदेश में उनके लिए विस्तारित कूलिंग ऑफ का भी उल्लेख किया गया है।
इसके अलावा मंत्री के एक अन्य अतिरिक्त निजी सचिव आयुष सरन की सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं। वहीं, 3 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार मंत्री के सहयोगी सिद्धार्थ यादव को भी तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया।
इन प्रशासनिक बदलावों के पीछे कारणों को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। संबंधित आदेशों में केवल प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत निर्णय लिए जाने की बात कही गई है।
मंत्रियों के निजी स्टाफ में इस तरह के बदलाव पहले भी होते रहे हैं। इससे पहले केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के निजी स्टाफ में भी बदलाव किए गए थे। इसी तरह पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के निजी सचिव और अन्य सहयोगियों को भी कार्यकाल के दौरान पदों से हटाया गया था।
प्रशासनिक विशेषज्ञों के अनुसार, केंद्रीय मंत्रियों के निजी स्टाफ में नियुक्ति और बदलाव सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं और यह सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं।















.jpg)