शिमला, 07 जुलाई।
शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 242 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कई आपराधिक मामलों में पहले से नामजद है और कुछ दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक 6 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि शोघी बैरियर क्षेत्र से एक वाहन में चिट्टा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर वाहन से 242 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुन्नी निवासी इन्द्रदेव उर्फ दाणू, न्यू शिमला निवासी मोती शर्मा और उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के मूल निवासी तथा वर्तमान में कुमारसैन में रह रहे सूरज चौहान के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी इन्द्रदेव उर्फ दाणू के खिलाफ पहले से 53 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस अधिनियम, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और चोरी से जुड़े प्रकरण शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार इन्द्रदेव को पहले पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन महीने के लिए निरुद्ध किया गया था और वह 21 जून को जेल से रिहा हुआ था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह सुन्नी, रामपुर, कुमारसैन और शिमला जिले के अन्य क्षेत्रों में चिट्टा आपूर्ति करने वाले नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था तथा बड़ी संख्या में युवाओं तक नशा पहुंचाने में शामिल था।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही चिट्टा की सप्लाई चेन, स्रोत, वित्तीय लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।














.jpg)
