अपराध
07 Jul, 2026

10 साल से फरार उम्रकैद के दो भाई गिरफ्तार, एक सुपारी कांड में भी वांछित

राजौरी गार्डन हत्याकांड में उम्रकैद की सजा पाने के बाद 10 वर्षों से फरार दो सगे भाइयों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया, जिनमें से एक मुंबई के चर्चित सुपारी हत्याकांड में भी वांछित है।

नई दिल्ली, 07 जुलाई।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे उम्रकैद की सजा प्राप्त दो सगे भाइयों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 56 वर्षीय फिरासत अली और 51 वर्षीय शाहनवाज अली के रूप में हुई है। दोनों 1996 के राजौरी गार्डन हत्याकांड में उम्रकैद की सजा पाए थे। वर्ष 2016 में दिल्ली हाईकोर्ट से अपील खारिज होने के बाद भी दोनों ने जेल में आत्मसमर्पण नहीं किया और फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार फिरासत अली वर्ष 2006 के मुंबई के चर्चित सुपारी हत्याकांड में भी वांछित है।

पुलिस ने बताया कि एंटी रनअवे सेल फरार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों भाई अलग-अलग राज्यों में छिपे हुए हैं। जानकारी की पुष्टि के बाद दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। एक टीम को मुरादाबाद और दूसरी को झारखंड के गोड्डा भेजा गया। चार जुलाई को दोनों स्थानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए फिरासत अली को मुरादाबाद और शाहनवाज अली को गोड्डा से गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच के अनुसार 27 सितंबर 1996 को रघुबीर नगर स्थित पुराने कपड़ों के बाजार में साड़ी खरीदने को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद शाम को शाहनवाज, फिरासत अली, अरशद अली और जहांगीर खान शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसकर चाकुओं से हमला किया। इस दौरान फिरासत और शाहनवाज ने इश्तियाक अहमद उर्फ पप्पू पर गर्दन और सीने में कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं रियासत उर्फ भूरा और डब्बू भी हमले में घायल हुए। घटना के बाद राजौरी गार्डन थाने में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वर्ष 2000 में तीस हजारी कोर्ट ने दोनों भाइयों समेत अन्य आरोपियों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बाद में हाईकोर्ट में अपील लंबित रहने के दौरान उन्हें जमानत मिल गई। 12 मई 2016 को दिल्ली हाईकोर्ट ने अपील खारिज कर ट्रायल कोर्ट की सजा को बरकरार रखा और तत्काल आत्मसमर्पण के निर्देश दिए, लेकिन दोनों फरार हो गए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जमानत के दौरान फिरासत अली वर्ष 2006 में मुंबई के चर्चित सुपारी हत्याकांड में शामिल हो गया था। आरोप है कि दो लाख रुपये की सुपारी लेकर उसने अपने साथी के साथ एक व्यक्ति की हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर दिए। बाद में मुंबई पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए उसकी भूमिका सामने लाई थी।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को दिल्ली लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया। दिल्ली पुलिस ने फिरासत अली की गिरफ्तारी की जानकारी मुंबई पुलिस को भी दे दी है, क्योंकि वह वहां दर्ज सुपारी हत्या के मामले में भी वांछित है। दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

|
आज का राशिफल

धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। सुख-आनंद कारक समय है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। सुखद समय की अनुभूतियां प्रबल होगी। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य ही रहेगी। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 29°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़