मध्य प्रदेश
07 Jul, 2026

वायरल वीडियो पर घिरीं विधायक मीना सिंह, कांग्रेस ने उठाए सवाल

उमरिया में भाजपा विधायक मीना सिंह के एक वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है, जबकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और पूरे घटनाक्रम का संदर्भ अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

उमरिया, 07 जुलाई।

उमरिया जिले की मानपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन की पूर्व कैबिनेट मंत्री मीना सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। वायरल वीडियो में वह एक कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय के नारे लगवाती नजर आती हैं। इसी दौरान कुछ महिलाओं के नारे नहीं लगाने पर वह कथित रूप से कहती सुनाई देती हैं, "महिलाएं क्यों नहीं बोलीं... लाड़ली बहना बंद करना है।" इसी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो ग्राम पंचायत कुदरी क्रमांक-02 में आयोजित अटल सेवा सदन के लोकार्पण कार्यक्रम का है, जहां मीना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्ड हुआ करीब 10 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो केवल एक छोटा अंश है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि कथित टिप्पणी किस संदर्भ में की गई थी और उससे पहले या बाद में क्या बातचीत हुई। पूरे कार्यक्रम का वीडियो सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण घटनाक्रम की पूरी पृष्ठभूमि सामने नहीं आ सकी है। वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हो सकी है।

वीडियो सामने आने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंजीनियर विजय कोल ने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजना को बंद करने जैसी बात कहना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कोई महिला नारा नहीं लगाती है तो उसके आधार पर ऐसी टिप्पणी करना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। कांग्रेस ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

वहीं, इस मामले में अब तक विधायक मीना सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन या संबंधित अधिकारियों ने भी वायरल वीडियो को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

|
आज का राशिफल

धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। सुख-आनंद कारक समय है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। सुखद समय की अनुभूतियां प्रबल होगी। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य ही रहेगी। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 29°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़