मध्य प्रदेश
07 Jul, 2026

दुकान आवंटन प्रक्रिया पर भाजपा पार्षदों ने उठाए सवाल

धार नगर पालिका की दुकान आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं होने का आरोप लगाते हुए भाजपा पार्षदों ने कलेक्टर से वर्तमान निविदा निरस्त कर नई प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।

धार, 07 जुलाई।

धार नगर पालिका परिषद की ओर से निर्मित दुकानों के विक्रय की प्रक्रिया को लेकर भाजपा पार्षदों ने कलेक्टर राजीव रंजन मीणा को ज्ञापन सौंपते हुए गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। पार्षदों का आरोप है कि दुकान आवंटन प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और इसे गोपनीय तरीके से संचालित कर कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पूरी निविदा प्रक्रिया निरस्त कर नई प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।

भाजपा पार्षद दल और एल्डरमैन ने ज्ञापन में कहा कि लालबाग मार्केट, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर और बालाजी हनुमान मंदिर के समीप निर्मित दुकानों के विक्रय के लिए जारी ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी परिषद के पार्षदों और शासन द्वारा नियुक्त एल्डरमैन को विधिवत नहीं दी गई। उनका आरोप है कि दुकानों के आरक्षण और आवंटन से जुड़ी प्रक्रिया में जनप्रतिनिधियों को शामिल नहीं किया गया और इसके लिए कोई विक्रय समिति भी गठित नहीं की गई।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि दुकानों पर क्रमांक अंकित नहीं किए गए हैं और न ही परंपरागत तरीके से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। पार्षदों का कहना है कि शहर के अधिकांश व्यापारी और इच्छुक नागरिक इस प्रक्रिया से अनभिज्ञ हैं। वहीं सोशल मीडिया पर बिना अधिकृत हस्ताक्षरों वाले दस्तावेज प्रसारित कर आवेदन की अंतिम तिथि 8 जुलाई बताई जा रही है।

भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया गोपनीय तरीके से संचालित की जा रही है, जिससे कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ मिलने और नगर पालिका के राजस्व को नुकसान होने की आशंका है।

प्रतिनिधिमंडल ने मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम, 1961 की धारा 323 और 406 के तहत हस्तक्षेप कर वर्तमान निविदा प्रक्रिया निरस्त करने, संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और नई निविदा जारी करने की मांग की है। साथ ही नई प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने की भी मांग की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें और नगर पालिका को बेहतर राजस्व प्राप्त हो।

भाजपा पार्षद दल ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में जनहित में आंदोलन शुरू किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। सुख-आनंद कारक समय है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। सुखद समय की अनुभूतियां प्रबल होगी। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य ही रहेगी। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 29°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़