प्रशासनिक खबरें
07 Jul, 2026

कोलार का सुनसान इलाका बना दोहरे हत्याकांड की जांच का केंद्र

भोपाल में ऐशबाग दोहरे हत्याकांड की जांच के दौरान कोलार के उसी सुनसान इलाके से दंपती के मोबाइल मिलने पर पुराने ब्लाइंड मर्डर मामले की भी दोबारा जांच शुरू की गई है।

भोपाल, 07 जुलाई।

ऐशबाग के सेवानिवृत्त दंपती हेमंत फिलेमोन और शकुंतला फिलेमोन की हत्या की जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। जांच में दंपती के दोनों मोबाइल फोन कोलार रोड स्थित डी-मार्ट के पीछे उस सुनसान इलाके से बरामद हुए हैं, जहां अक्टूबर 2025 में एक अज्ञात महिला के शव के टुकड़े बोरी में मिले थे। इस समानता के बाद नौ महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर मामले की भी दोबारा पड़ताल शुरू हो गई है।

अक्टूबर 2025 में कोलार थाना क्षेत्र के एक विवादित खाली प्लॉट में जलभराव वाले गड्ढे से महिला के शरीर के कई हिस्से बरामद हुए थे। शव अत्यधिक सड़-गल चुका था और सिर व धड़ नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। गुमशुदगी के रिकॉर्ड, मजदूर बस्तियों और आसपास के इलाकों में जांच के बावजूद यह मामला अब तक अनसुलझा बना हुआ है।

अब दोहरे हत्याकांड की जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन के आधार पर दंपती के दोनों मोबाइल इसी क्षेत्र से मिलने के बाद जांच एजेंसियों ने पुराने प्रकरण की केस डायरी, फोरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान शुरू कर दिया है। हालांकि पुलिस ने अभी दोनों मामलों के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि नहीं की है, लेकिन यह जांच की जा रही है कि कहीं दोनों घटनाओं में किसी समान अपराधी, गिरोह या अपराध करने के तरीके की समानता तो नहीं है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या अपराधियों ने इस सुनसान इलाके का इस्तेमाल सबूत ठिकाने लगाने के लिए किया या फिर दोनों मामलों में एक ही स्थान का इस्तेमाल महज संयोग है। कोलार रोड का यह इलाका लंबे समय से खाली प्लॉट, जलभराव वाले गड्ढों और कम आवाजाही के कारण सुनसान माना जाता है।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का कहना है कि दोनों घटनाओं का पैटर्न अलग है। जिस स्थान से दंपती के मोबाइल बरामद हुए हैं, उसे केवल संयोग मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, लेकिन फिलहाल दोनों मामलों के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध के प्रमाण नहीं मिले हैं। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। सुख-आनंद कारक समय है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। सुखद समय की अनुभूतियां प्रबल होगी। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य ही रहेगी। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 29°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़