जयपुर, 07 जुलाई।
प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए विभिन्न जिलों में कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की गई, हजारों लीटर वॉश नष्ट किया गया और कई मामलों में अभियोग दर्ज किए गए। अभियान आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
निरोधात्मक कार्रवाई के तहत सीकर जिले में ईपीएफ टीम सीकर और नागौर की संयुक्त कार्रवाई में जयपुर जंक्शन की सीमा पर बड़ी मात्रा में स्पिरिट और अवैध मदिरा जब्त की गई। वहीं हनुमानगढ़ जिले के ग्राम गंगागढ़, देबूघाट, दड़बली बास मौलवी और घग्गर बहाव क्षेत्र में दबिश देकर 4500 लीटर वॉश तथा आठ कच्ची मदिरा भट्टियां नष्ट की गईं।
बांसवाड़ा जिले के दानपुर और अंबापुरा क्षेत्र में अवैध हथकड़ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन हजार लीटर वॉश और दो कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं। इसके साथ ही 35 बोतल अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की गई।
चित्तौड़गढ़ में ईपीएफ टीम निम्बाहेड़ा की कार्रवाई के दौरान 500 लीटर वॉश नष्ट किया गया और 30 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं हनुमानगढ़ जिले में भारतमाला एक्सप्रेस-वे स्थित नगराना टोल पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच भी की गई।
आबकारी विभाग ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त लगातार जारी है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और आबकारी निरोधक दल जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई कर रहे हैं।















.jpg)