मध्य प्रदेश
07 Jul, 2026

मानसून के बीच इंदौर में अनोखी शादी, दूल्हे ने दुल्हन को गोद में लेकर पहुंचाया मंडप

मध्य प्रदेश में लगातार बारिश से 35 से अधिक जिले प्रभावित रहे, इंदौर में दूल्हे ने जलभराव के बीच दुल्हन को गोद में उठाकर मंडप पहुंचाया और कई इलाकों में सड़क, स्कूल तथा हाईवे पर बारिश का असर देखने को मिला।

इंदौर, 07 जुलाई।

मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। सबसे अधिक 4.4 इंच बारिश खजुराहो और 4.2 इंच मंडला में रिकॉर्ड की गई। लगातार छह दिनों से हो रही बारिश के चलते प्रदेश की औसत वर्षा करीब सात इंच तक पहुंच गई है। जून के अंत तक जहां वर्षा सामान्य से 33 प्रतिशत कम थी, वहीं अब यह अंतर घटकर केवल एक प्रतिशत रह गया है।

मंगलवार को बड़वानी, धार, बुरहानपुर, रतलाम, टीकमगढ़, पन्ना समेत कई जिलों में दिनभर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर और छतरपुर के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है।

लगातार बारिश के बीच इंदौर के कैट रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में हुई शादी चर्चा का विषय बन गई। जलभराव के कारण दूल्हे वैभव ने दुल्हन पूर्वा को गोद में उठाकर मंडप और बाद में हॉल तक पहुंचाया। घुटनों तक भरे पानी के बावजूद विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं। इस अनोखी शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

बड़वानी जिले के सेंधवा स्थित सांदीपनि (सीएम राइज) स्कूल में बारिश के दौरान कक्षा नौ के कमरे की छत का प्लास्टर गिर गया। हादसे में दो छात्राओं को मामूली चोटें आईं, जिनका सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया। घटना के बाद स्कूल भवन की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

इंदौर से करीब 30 किलोमीटर दूर जेतकारण गांव में सड़क धंसने से स्कूली बच्चों का आवागमन प्रभावित हुआ। उफनते नाले को पार कराने के लिए ग्रामीणों ने मानव शृंखला बनाकर बच्चों को सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाया। ग्रामीणों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।

लगातार बारिश के चलते खजुराहो के प्रवेश द्वार बमीठा में नेशनल हाईवे-39 पर करीब तीन फीट पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। खूडर नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने पर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर खजुराहो-जटकरा मार्ग बंद कर दिया और लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की है।

पन्ना जिले में लगातार बारिश के कारण जिला अस्पताल के सर्जिकल और डिलीवरी वार्ड की गैलरी में पानी भर गया। हरसा-बागोहा नाला उफान पर होने से पुल के ऊपर से पानी बहता रहा। वहीं निदान वॉटरफॉल में जलस्तर बढ़ने पर बीच धारा में फंसे दो युवकों को पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।

रायसेन जिले के बरेली स्थित बापौली धाम आश्रम में सोमवार रात हुई तेज बारिश के बाद परिसर में पानी भर गया। संस्कृत पाठशाला में रह रहे करीब 60 छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। मंदिर, गोशाला और आश्रम परिसर के अन्य हिस्सों में भी पानी घुस गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

खंडवा में सुक्ता नदी के उफान पर आने से हापला और दीपला गांवों का संपर्क टूट गया तथा दो भैंसें बह गईं। झाबुआ में तेज बारिश से पम्पावती नदी का जलस्तर बढ़ा, जिससे खरीफ फसलों को राहत मिली। शाजापुर में लगातार दूसरे दिन हुई बारिश से कालीसिंध नदी का जलस्तर बढ़ गया। वहीं हरदा में इस सीजन की कुल वर्षा 13 इंच के पार पहुंच गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और पुल-पुलियों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

|
आज का राशिफल

धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। सुख-आनंद कारक समय है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। सुखद समय की अनुभूतियां प्रबल होगी। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य ही रहेगी। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 29°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़