अपराध
07 Jul, 2026

25 पेटी अवैध शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

रामनगर थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत 25 पेटी अवैध शराब और एक लग्जरी कार जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

अनूपपुर, 07 जुलाई।

जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 पेटी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक लग्जरी कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 58 हजार 580 रुपये बताई गई है, जबकि जब्त इनोवा कार की कीमत करीब 10 से 15 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के अनुसार सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लग्जरी वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित कौशिक के नेतृत्व में रामनगर थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान वाहन क्रमांक सीजी-08-0991 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की डिक्की और अंदर से 25 पेटी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 42 वर्षीय मो. सोएब खान उर्फ पप्पू, 30 वर्षीय मो. राजिक उर्फ राज और 19 वर्षीय रामू बंसल, सभी निवासी जमुना कॉलरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जमुना क्षेत्र से शराब लेकर बिक्री के लिए छत्तीसगढ़ जा रहे थे। जब्त शराब में 22 पेटी गोवा ब्रांड और 3 पेटी बोल्ट बीयर शामिल है। कुल 234 लीटर शराब की कीमत लगभग 1 लाख 58 हजार 580 रुपये आंकी गई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित कौशिक ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मारकाम तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। उन्होंने कहा कि अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

इस कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में लंबे समय से शराब की कथित अवैध बिक्री और छत्तीसगढ़ तक आपूर्ति किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। यह भी आरोप लगाए जाते रहे हैं कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बिक्री की शिकायतें भी मिलती रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और इस संबंध में आबकारी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित कौशिक के अलावा एएसआई उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अमित पटेल, निरंजन खलखो, राहुल प्रजापति, योगेन्द्र मिश्रा, हरीश तथा आरक्षक अनुराग सिंह, भानुप्रताप और मुमताज की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

|
आज का राशिफल

धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। सुख-आनंद कारक समय है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। सुखद समय की अनुभूतियां प्रबल होगी। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य ही रहेगी। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 29°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़