बहराइच, 07 जुलाई।
बहराइच के कैसरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एक 25 हजार के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। कुरसंडा गांव के प्यारेपुर मोड़ पुलिया के पास हुई इस कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशरफ उर्फ टीन्ने के रूप में हुई है। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ गौकशी समेत विभिन्न मामलों में छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कई मामलों में वांछित इनामी आरोपी प्यारेपुर मोड़ पुलिया के पास अपने साथियों का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी और वह मौके पर घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि घायल आरोपी का उपचार जारी है और उसके फरार साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।














.jpg)
