रीवा, 07 जुलाई।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की बड़ी खेप के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 3.087 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई है।
रीवा पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह के अनुसार यह कार्रवाई सोमवार 6 जुलाई को की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सोनवर्षा निवासी दो युवक मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स लेकर बिक्री के लिए निकलने वाले हैं।
सूचना के आधार पर गढ़ थाना पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की। संदिग्ध मोटरसाइकिल पहुंचने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ग्राम सोनवर्षा निवासी मंडप सिंह (23) और ज्ञानभूषण शर्मा (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तलाशी के दौरान दोनों के पास से 3,087 ग्राम एमडी ड्रग्स और दो मोबाइल फोन बरामद किए। अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपितों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उनके खिलाफ पहले मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस अब इस मामले को हाल ही में मऊगंज में पकड़ी गई अवैध ड्रग्स फैक्टरी से जोड़कर जांच कर रही है। कुछ दिन पहले मऊगंज पुलिस ने शाहपुर थाना क्षेत्र के बिझौली गांव में एक सुनसान मकान से एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्टरी पकड़ी थी। वहां से केमिकल, एसिड और ड्रग्स तैयार करने के उपकरण बरामद किए गए थे।
मऊगंज मामले में मुख्य आरोपित चंदन सिंह सहित चार लोगों से पूछताछ जारी है। जांच में सामने आया था कि तैयार ड्रग्स की सप्लाई बड़े शहरों तक किए जाने की आशंका है।
पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने कहा कि रीवा में इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स की बरामदगी किसी बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क की ओर संकेत करती है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और उनके मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड सहित अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है।















.jpg)