रायपुर, 7 जुलाई।
डी.डी. नगर थाना पुलिस ने लूट और झपटमारी की वारदात का 48 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई चांदी की चेन, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में आरोपितों ने एक अन्य लूट की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई की शाम चंगोराभाठा बाजार स्थित बाबा चौक के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसके गले से चांदी की चेन और मोबाइल छीन लिया था। घटना के बाद डी.डी. नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर चंगोराभाठा निवासी रजत सेन उर्फ हर्ष (19) और लक्की ध्रुव (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, चांदी की चेन, एक रेडमी मोबाइल और वारदात में उपयोग की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद की। जांच में बरामद रेडमी मोबाइल का संबंध डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य लूट के मामले से भी पाया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।















.jpg)