कोलकाता, 07 जुलाई।
पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर होने वाले उपचुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। सोमवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में अलीपुर स्थित सरकारी गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में पूर्व टीएमसी सांसद सुखेंदु शेखर राय की मौजूदगी ने राज्य के सियासी समीकरणों को लेकर नई अटकलों को हवा दे दी है।
अमित शाह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और अन्य दिग्गज नेताओं के साथ पार्टी की संगठनात्मक रणनीति पर गहन चर्चा की। इस चर्चा के दौरान सुखेंदु शेखर राय का वहां पहुंचना कई महत्वपूर्ण संकेत दे रहा है। गौरतलब है कि राय ने हाल ही में राज्यसभा और तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दिया है, लेकिन अभी तक उन्होंने औपचारिक रूप से भाजपा का दामन नहीं थामा है।
निर्वाचन आयोग द्वारा सोमवार को ही उपचुनाव की घोषणा किए जाने के बाद से भाजपा की सक्रियता बढ़ गई है। पार्टी सूत्र संकेत दे रहे हैं कि अगले कुछ घंटों के भीतर ही तीनों सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा सकते हैं। ऐसी प्रबल संभावनाएं जताई जा रही हैं कि सुखेंदु शेखर राय को भाजपा राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर सकती है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज विवाद के दौरान अपनी ही पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के बाद से ही राय का भाजपा नेतृत्व के करीब आने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।











