जबलपुर, 07 जुलाई।
जबलपुर जिले के मदनमहल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार तोड़ते हुए नाले के ऊपर जाकर लटक गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसी युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार कार क्रमांक एमपी-20-सीएच-4284 मदनमहल से एलआईसी कार्यालय की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक युवती का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार एक मकान की दीवार तोड़ते हुए नाले के ऊपर जाकर अटक गई। टक्कर की तेज आवाज सुनते ही आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत कार का दरवाजा खोलकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय दीवार के पास कोई मौजूद नहीं था। यदि वहां लोग खड़े होते या घर से कोई बाहर निकल रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलने पर मदनमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई, इसलिए आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस लौट गई।
घटना की जानकारी मिलने पर युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को नाले से बाहर निकाला गया। युवती ने बताया कि वाहन चलाते समय गलती से उसका पैर ब्रेक की बजाय एक्सीलेटर पर पड़ गया, जिससे कार की रफ्तार बढ़ गई और वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सकी।















.jpg)