नोएडा, 07 जुलाई।
नोएडा में अलग-अलग तरीकों से साइबर ठगी के सात मामले सामने आए हैं। कहीं शादी का झांसा देकर लोगों को निशाना बनाया गया तो कहीं निवेश और शेयर बाजार में अधिक मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी की गई। सभी मामलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल के अनुसार सेक्टर-32 स्थित लॉजिक शॉप ऑफिस टावर मॉल में संचालित डीजीएच कंपनी की अधिकारी आयुषी श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनकी कंपनी के कार्ड का दुरुपयोग कर करीब 6 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन कर लिया।
एक अन्य मामले में नोएडा एक्सटेंशन की रहने वाली दूर्वा तालुकदार ने शिकायत दी कि उन्हें विभिन्न पॉलिसियों में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने उन्हें अपने जाल में फंसाकर 7 लाख 29 हजार 641 रुपये की ठगी कर ली।
इसी तरह अभिनव त्यागी ने शिकायत दर्ज कराई कि शेयर मार्केट में ट्रेडिंग से मोटा लाभ दिलाने का भरोसा देकर उनसे निवेश कराया गया। शुरुआती लाभ दिखाने के बाद आरोपियों ने उनसे 5 लाख 39 हजार 350 रुपये ठग लिए।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी सुरुचि कुमारी ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क करने वाले एक व्यक्ति ने शादी का वादा कर भरोसा जीता और अपनी मजबूरी बताकर 8 लाख 72 हजार 700 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
एक अन्य मामले में आदेश ने बताया कि ऑनलाइन सामान मंगाने के बाद उत्पाद नहीं मिलने पर उन्होंने गूगल से नंबर लेकर संबंधित कंपनी से संपर्क किया। इसी दौरान साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल हैक कर उनके खाते से 9 लाख 98 हजार रुपये निकाल लिए।
राम प्रकाश शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि आईजीएल कंपनी का अधिकारी बनकर संपर्क करने वाले आरोपियों ने बिल जमा न होने की बात कही और एपीके फाइल डाउनलोड करवाई। फाइल इंस्टॉल करते ही मोबाइल हैक हो गया और उनके खाते से 98 हजार 356 रुपये निकाल लिए गए।
भूपेंद्र किशन जोशी ने भी शिकायत दी कि आईजीएल अधिकारी बनकर कॉल करने वाले साइबर अपराधियों ने वीडियो कॉल के दौरान उनका मोबाइल हैक कर लिया और खाते से 9 लाख 77 हजार रुपये निकाल लिए।
वहीं, ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 सेक्टर निवासी 66 वर्षीय डॉक्टर नेपाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके दो बैंक खातों से करीब 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।














.jpg)
