नोएडा, 07 जुलाई।
नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में रहने वाले एक टीवी चैनल की वरिष्ठ एंकर के पति ने पुलिस से शिकायत कर बताया है कि उनकी पत्नी को अलग-अलग अज्ञात नंबरों से लगातार धमकी भरे फोन किए जा रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि फोन करने वाला व्यक्ति उन्हें जान से मारने, गंभीर परिणाम भुगतने और आपराधिक प्रकृति की धमकियां दे रहा है। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस संरक्षण की भी मांग की गई है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने बताया है कि उनकी पत्नी रुबिका लियाकत वर्तमान में एक समाचार चैनल में वाइस प्रेसिडेंट एवं एक्जीक्यूटिव एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनके परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है तथा सभी मानसिक तनाव की स्थिति से गुजर रहे हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि धमकी देने वाला व्यक्ति उनकी पत्नी की दैनिक गतिविधियों, आवाजाही और विभिन्न स्थानों पर मौजूदगी से जुड़ी जानकारी भी साझा कर रहा है। इससे आशंका जताई गई है कि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनकी लोकेशन व मूवमेंट को ट्रैक किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे उनकी पत्नी की व्यक्तिगत सुरक्षा, निजता और जीवन पर वास्तविक खतरा पैदा हो गया है।














.jpg)
