अनूपपुर, 07 जुलाई।
अमरकंटक स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय परिसर में संचालित मॉडल ट्राइबल स्कूल को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उन्नत करने की मांग को लेकर अभिभावकों और छात्रों का आंदोलन मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर धरना देकर आवागमन बाधित कर दिया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।
आंदोलन कर रहे अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में वर्तमान में केवल आठवीं तक पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है। इसके कारण आदिवासी विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे कई बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद स्कूल के उन्नयन को लेकर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
धरने के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मार्ग खोलने की अपील की। अधिकारियों ने स्कूल के उन्नयन संबंधी मांग शासन तक पहुंचाने और आवश्यक पत्राचार करने का आश्वासन दिया, लेकिन अभिभावक और छात्र लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं हुए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस वर्ष कई छात्रों का प्रवेश नहीं हो पाया है और यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक स्कूल में 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं शुरू करने का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
आंदोलन के कारण विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।















.jpg)