नई दिल्ली, 07 जुलाई।
भारतीय शेयर बाजार में आज सुबह के सत्र में भारी उठापटक का माहौल देखा जा रहा है। कारोबार की शुरुआत सकारात्मक नोट पर हुई थी, लेकिन तुरंत बाद ही बिकवाली के दबाव ने सेंसेक्स और निफ्टी को लाल निशान में धकेल दिया। हालांकि, निचले स्तरों से खरीदारी लौटने के बाद बाजार ने संभलने की कोशिश की और सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली बढ़त दर्ज की गई।
सुबह 10 बजे के आंकड़ों के अनुसार, सेंसेक्स 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,414.90 अंक पर और निफ्टी 0.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,474.60 अंक पर कारोबार कर रहे थे। इस दौरान बाजार में कुल 2,638 शेयरों में सक्रिय ट्रेडिंग देखी गई, जिसमें 1,116 शेयर बढ़त पर और 1,522 शेयर गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 में तेजी और 15 में कमजोरी बनी हुई थी।
बाजार के दिग्गज शेयरों पर नजर डालें तो टाइटन कंपनी, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, इंफोसिस, आयशर मोटर्स और एटरनल जैसे स्टॉक्स में 2.76 प्रतिशत तक की खरीदारी दिखी। वहीं दूसरी ओर, ट्रेंट लिमिटेड, लार्सन एंड टूब्रो, इंटरग्लोब एवियशन, जेएसडब्ल्यू स्टील और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में 9.24 प्रतिशत तक का दबाव नजर आया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 176.09 अंक की बढ़त के साथ 78,461.16 अंक पर खुला था, लेकिन शुरुआती 20 मिनट के भीतर ही यह 78,248.31 अंक के निचले स्तर तक गिर गया था। इसी तरह निफ्टी ने 24,464.45 अंक पर आगाज किया था, जो गिरकर 24,423.50 अंक तक फिसला, लेकिन बाद में लिवाली के चलते फिर हरे निशान में लौट आया। उल्लेखनीय है कि पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 521.16 अंक की तेजी के साथ 78,285.07 अंक पर और निफ्टी 159.50 अंक की बढ़त के साथ 24,430.35 अंक पर बंद हुए थे।











