सीवान, 07 जुलाई।
जिले में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के संरक्षण के लिए जारी 'नया सवेरा ऑपरेशन 3.0' के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। दरौली प्रखंड के दोन इलाके में स्थित विभिन्न आर्केस्ट्रा समूहों पर पुलिस और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की।
इस कार्रवाई के दौरान 11 लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने मौके से दो प्रमुख आर्केस्ट्रा संचालकों, रंजीत सिंह और गणेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है।
रेस्क्यू की गई सभी युवतियों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन्हें किन परिस्थितियों में यहां लाया गया था और क्या इसके पीछे मानव तस्करी का कोई बड़ा रैकेट सक्रिय है।
छापेमारी दल में दरौली थाना पुलिस के अलावा चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज इंचार्ज और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल थे। पुलिस इन संचालकों पर शोषण और मानव तस्करी से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि यदि कहीं भी ऐसी संदिग्ध गतिविधियां या शोषण नजर आए, तो लोग तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें ताकि समय रहते ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।














.jpg)
