मीरजापुर, 07 जुलाई।
मीरजापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित बरौंधा बाजार में देर रात चोरों ने एक सर्राफा दुकान का शटर उचकाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस, फोरेंसिक और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
बरौंधा बाजार निवासी पंकज सोनी की सर्राफा एवं बर्तन की दुकान है। मंगलवार सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो शटर खुला मिला और अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर दुकान में रखा लॉकर पीछे ले गए और उसे तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए। वारदात के बाद आरोपी खाली लॉकर वहीं छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर, थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, बरौंधा चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार, फोरेंसिक टीम और एसओजी मौके पर पहुंची। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित पंकज सोनी ने बताया कि चोरी में लाखों रुपये के आभूषण ले जाए गए हैं। उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चोरों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।














.jpg)
