नई दिल्ली, 07 जुलाई।
बाहरी जिले के राज पार्क थाना क्षेत्र स्थित मंगोलपुरी में पुरानी रंजिश के चलते दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में चाकू से किए गए हमले में 45 वर्षीय महेश की मौत हो गई, जबकि 35 वर्षीय मुकेश घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 9:37 बजे पीसीआर पर मंगोलपुरी के क्यू-9 ब्लॉक में हत्या की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि परिजन महेश और मुकेश को पहले ही संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल में चिकित्सकों ने महेश को मृत घोषित कर दिया। जांच में उसकी पीठ पर चाकू का गहरा घाव मिला, जबकि मुकेश की बाईं जांघ में चोट आई है और उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि क्यू-9/149 और क्यू-9/150 में रहने वाले दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। पिछले एक वर्ष में दोनों पक्षों की ओर से कुल चार आपराधिक मामले भी दर्ज हुए थे। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
राज पार्क थाना पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान प्रिंस उर्फ अरुण, भरत और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।














.jpg)
