मनामा, 07 जुलाई।
भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बहरीन की अपनी यात्रा के दौरान वहां के किंग हमद बिन ईसा अल खलीफा से भेंट की। इस उच्च स्तरीय बैठक में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने की दिशा में चर्चा की गई।
कतर से बहरीन पहुंचे जयशंकर अपनी चार देशों की खाड़ी यात्रा के दूसरे चरण में हैं। उन्होंने किंग को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं। साथ ही, उन्होंने बहरीन में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए किंग का आभार व्यक्त किया।
विदेश मंत्री ने वहां प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की। अपनी इस यात्रा के दौरान, वे खाड़ी देशों के समकक्षों और शीर्ष नेतृत्व से लगातार संवाद कर रहे हैं ताकि आपसी हितों और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर सहयोग को विस्तार दिया जा सके।











