राजगढ़, 07 जुलाई।
राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम पुनरखेड़ी में मंगलवार को सोयाबीन की बुवाई के दौरान खेत में काम कर रही एक महिला की सांप के डसने से मौत हो गई। जानकारी समय पर नहीं मिलने के कारण महिला को करीब दो घंटे तक उपचार नहीं मिल सका। बाद में परिजन उन्हें अचेत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम पुनरखेड़ी निवासी 35 वर्षीय सीमा, पत्नी दयालसिंह यादव, मंगलवार को अपने खेत में सोयाबीन की बुवाई कर रही थीं। इसी दौरान खेत में मौजूद एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। जहर का असर बढ़ने से वह खेत में ही बेहोश होकर गिर गईं।
काफी समय तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी, जिससे उन्हें तत्काल उपचार नहीं मिल सका। जब वह लंबे समय तक घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह खेत में अचेत अवस्था में मिलीं।
ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत ब्यावरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।















.jpg)