राजगढ़, 07 जुलाई।
राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा की पहल संवाद से समाधान के तहत आयोजित जनसुनवाई में सहकारिता विभाग से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई की गई। इस दौरान शिकायतकर्ताओं से सीधे चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सहकारी समिति सिंदुरिया से जुड़े मामले में लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता प्रेमनारायण ने बताया कि सहकारी समिति सिंदुरिया द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के तहत उन्हें डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने प्रारंभिक जांच के आधार पर सहकारी समिति सिंदुरिया के संस्था प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर शीघ्र प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा।
जनसुनवाई में सहकारिता विभाग से संबंधित कुल पांच शिकायतों पर भी सुनवाई हुई। कलेक्टर ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी की जाए, ताकि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब न हो। जिला प्रशासन के अनुसार संवाद से समाधान कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निराकरण किया जा रहा है, जिससे लोगों का प्रशासन पर भरोसा मजबूत हो रहा है।















.jpg)