बागपत, 07 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के बागपत में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तार चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। खेकड़ा थाना पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ के बाद गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुबारिकपुर के जंगल में कुछ संदिग्ध किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गिरोह के दो सदस्य घायल हो गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में फरमान, कय्यूम, सारिक, नवीन और हिमांशु शामिल हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं शेष तीन आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में लगभग चार क्विंटल कटा हुआ तार, चोरी के उपकरण, एक ईको गाड़ी और अवैध तमंचे बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में कारतूस और खोखे भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस गैंग के पकड़े जाने से क्षेत्र में होने वाली चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी। अब टीम यह पता लगा रही है कि इनका नेटवर्क कहां-कहां फैला था और ये चोरी का सामान किसे बेचते थे।














.jpg)
