भोपाल, 07 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान "बिंतांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया" से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे देश के लिए गौरव का अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रत्येक भारतीय के सम्मान और भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक है।
मंगलवार को जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा भारत और इंडोनेशिया के बीच लगातार मजबूत हो रहे सामरिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इंडोनेशियाई संसद के संयुक्त सत्र को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा संबोधित किया जाना भी भारत के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को नई दिशा मिली है। दोनों देशों के बीच विकास, सुरक्षा, तकनीक, संस्कृति और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद इंडोनेशिया ने भारत के साथ मजबूती से एकजुटता दिखाई थी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान करने पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के प्रति भी आभार व्यक्त किया।















.jpg)