जकार्ता, 07 जुलाई।
जकार्ता कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लेकर भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री को सुनने के लिए इंडोनेशिया में रहने वाले बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग कार्यक्रम स्थल पहुंचे और बेसब्री से उनके आगमन का इंतजार किया।
कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का व्यक्तित्व उन्हें एकजुट करता है और विदेशों में रहने वाले भारतीयों के सम्मान में भी वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश की रहने वाली कुसुम उपाध्याय ने कहा कि वह काफी समय से प्रधानमंत्री के आने का इंतजार कर रही थीं और उनके संबोधन को सुनने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
इंडोनेशिया में करीब 30 वर्षों से रह रहे सिद्धार्थ टेकरिवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सभी भारतीयों को जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विदेशों में रहने वाले भारतीयों का सम्मान पहले की तुलना में बढ़ा है।
जकार्ता में 14 वर्षों से रह रहे नीरज जैन ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच कई समानताएं हैं। दोनों देश तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाएं हैं और साथ मिलकर काम करने से दोनों देशों के लिए नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
फिनटेक कंपनी फ्लिप के सीईओ प्रत्यूष प्रसन्ना ने कहा कि भारत में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत की भुगतान तकनीक अब इंडोनेशिया में भी पहुंच रही है, जिससे दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
22 वर्षों से इंडोनेशिया में रह रहे राम कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय के बीच आना खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान मिलने से भारतीय समुदाय गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
भारतीय मूल की एक महिला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मिला सर्वोच्च सम्मान पूरे भारतीय समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय चाहता है कि प्रधानमंत्री लगातार इंडोनेशिया आते रहें और लोगों से संवाद करते रहें।















.jpg)