बिश्नाह, 07 जुलाई।
बिश्नाह क्षेत्र के डब्बड़ गांव में व्याप्त बिजली कटौती और अवरुद्ध सड़क मार्ग की समस्याओं से त्रस्त ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब दे गया है। शिवसेना हिंदुस्तान के बैनर तले एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने युवा प्रदेश अध्यक्ष गणेश चौधरी के नेतृत्व में विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का साफ आरोप है कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी जन समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं।
इस उग्र प्रदर्शन के दौरान गणेश चौधरी ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी जारी की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार नहीं लाया गया और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त नहीं किया गया, तो आगामी दिनों में कार्यकर्ता विद्युत विभाग के दफ्तर में तालाबंदी करने पर मजबूर होंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्रवासी लंबे समय से इन मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं, परंतु अधिकारियों द्वारा कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। चौधरी ने कहा कि यदि तत्काल प्रभाव से व्यवस्था में सुधार नहीं होता है, तो पार्टी द्वारा अधिकारियों के विरुद्ध और अधिक आक्रामक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।













.jpg)
