काठमांडू, 07 जुलाई।
नेपाल के मनी लॉन्ड्रिंग विभाग ने पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा के बेटे जयवीर देउवा को समन भेजा है। विभाग ने उन्हें एक सप्ताह के भीतर पेश होने का आदेश दिया है।
यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की चल रही जांच के सिलसिले में की गई है। जयवीर को कुछ अहम विषयों पर स्पष्टीकरण देने के लिए विभाग में हाजिर होने को कहा गया है।
विभाग ने उनके बुढानीलकण्ठ स्थित निवास पर यह नोटिस चस्पा कर दिया है। इस नोटिस की मियाद मिलने की तारीख से सात दिन की तय की गई है।
बता दें कि इससे पहले विभाग पूर्व पीएम शेरबहादुर देउवा और उनकी पत्नी आरजू राणा देउवा को भी पूछताछ के लिए बुला चुका है।
आरजू राणा देउवा ने विभाग को अवगत कराया है कि वे सावन महीने के अंत तक कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण सौंप देंगी।











