मंदसौर, 07 जुलाई।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन मंगलवार को पहली बार मंदसौर पहुंचीं। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा तथा अपने राज्यसभा नामांकन निरस्त किए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
बैठक को संबोधित करते हुए नटराजन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। उनका कहना था कि सरकार केवल चुनावी प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य से भी खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने भगवान श्रीराम को देश की आस्था का केंद्र बताते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं ने लोगों की भावनाओं को भी आहत किया है।
राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि उनके नामांकन पत्र पर जिस आधार पर आपत्ति दर्ज की गई, वह उचित नहीं थी। उनका कहना था कि नामांकन पत्र में कहीं भी कानूनी नोटिस से संबंधित जानकारी नहीं मांगी गई थी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस पूरे मामले को लेकर जल्द ही हाईकोर्ट में याचिका दायर करेगी।
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा चुका है और अब गांव तथा पंचायत स्तर पर जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज किए जाएंगे।
वहीं विधायक विपिन जैन ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस विधायकों को प्रभावित करने का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। बैठक में जिले के कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।















.jpg)