शोपियां, 8 जुलाई।
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के चनापोरा इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। यहां जारी एक लंबे आतंकवाद-विरोधी ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा का खूंखार कमांडर जाकिर गनी ढेर हो गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अभी भी एक और आतंकी के छिपे होने की प्रबल आशंका बनी हुई है।
सुरक्षाबलों के साथ यह मुठभेड़ बीते पांच दिनों से लगातार जारी थी। अंततः आज सेना की आरआर, सीआरपीएफ और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में जाकिर गनी को मार गिराया गया। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल पर स्थित एक गौशाला से उसका शव बरामद कर लिया है, साथ ही भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। मौके पर फिर से गोलीबारी की आवाजें सुनाई दी हैं, जिससे संकेत मिलता है कि सुरक्षाबलों का ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर इस सफलता को साझा करते हुए स्पष्ट किया है कि आतंकियों का भागना मुमकिन हो सकता है, लेकिन छिपना अब नामुमकिन है।







.jpg)



