उत्तराखंड
09 Jul, 2026

हरिद्वार महिला हत्याकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

हरिद्वार पुलिस ने गंगा किनारे मिले महिला के शव के मामले को सुलझाते हुए एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और फरार साथी की तलाश जारी है।

हरिद्वार, 09 जुलाई। 

धर्मनगरी में बीते माह गंगा तट के समीप झाड़ियों में मिले एक अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को हरिद्वार पुलिस ने सुलझा लिया है। बुधवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक हत्यारोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है और उसका दूसरा साथी रात के अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

गौरतलब है कि 28 जून को रोड़ीबेलवाला चौकी इलाके के आस्था पथ के पास एक तीस वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हुआ था कि महिला की मौत गला घोंटने और दम घुटने के कारण हुई है। इसके साथ ही मृतका के शरीर पर चोट और संघर्ष के निशान भी पाए गए थे, जिसके बाद पुलिस ने नगर कोतवाली में हत्याकांड का मुकदमा दर्ज कर छानबीन तेज कर दी थी।

मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम दूधिया बंध तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोली चलाई जो एक बदमाश के दाहिने पैर में जा लगी। घायल अवस्था में पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के बिजनौर (नहटौर) निवासी जीशान के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए जिला मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूछताछ के दौरान जीशान ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने साथी शाहनवाज के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था और शव को किनारे फेंक दिया था। फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी शाहनवाज की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़