गांदरबल, 09 जुलाई।
अमरनाथ यात्रा पर आए एक श्रद्धालु की दुखद मृत्यु का मामला सामने आया है। गुजरात के रहने वाले रमन भाई दानजी भाई पटेल (62) ने बाबा बर्फानी के दर्शन कर लिए थे, लेकिन वापसी के दौरान उनकी जान चली गई। वे बालटाल मार्ग से यात्रा पूरी करके लौट रहे थे।
बुधवार को दर्शन पूर्ण करने के बाद आज सुबह वे डुमेल के समीप अचेत अवस्था में पाए गए। उन्हें मृत घोषित किए जाने के बाद एम्बुलेंस चालक हिलाल अहमद ने शव को बालटाल बेस कैंप अस्पताल पहुँचाया।
घटना की पुष्टि होने के बाद आवश्यक मेडिकल और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए मृतक के शव को सोनमर्ग स्थित प्राइमरी हेल्थ सेंटर भेज दिया गया है। तीर्थयात्री की आकस्मिक मृत्यु से परिवार और यात्रा मार्ग पर शोक का माहौल है।














